रूद्रप्रयाग। मदमहेश्वर घाटी के लोगों को अब बेहतर और विशेषज्ञ आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिलेगा। विकासखंड ऊखीमठ के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय राउलैंक को अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के रूप में उच्चीकृत किए जाने के बाद सोमवार को इसका विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज राणा, राज्य महिला आयोग सदस्य श्रीमती दर्शनी पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता दलवीर नेगी, ग्राम प्रधान रमेश नौटियाल, ग्राम प्रधान श्रीमती मिथिला मनसूना सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
शुभारंभ के अवसर पर चिकित्सालय में निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा निःशुल्क औषधियों का लाभ उठाया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आर.एस. पाल ने बताया कि चिकित्सालय के अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के रूप में विकसित होने से अब क्षेत्रवासियों को पंचकर्म, क्षार-सूत्र चिकित्सा, गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) के आयुर्वेदिक उपचार सहित अन्य उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने बताया कि केंद्र की सेवाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 20 जुलाई को राउलेक, 21 जुलाई को रांसी और 22 जुलाई को मनसूना में शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनित कुमार, डॉ. जयलिता, डॉ. सुब्रतो कुमार दास, डॉ. प्रियंका, डॉ. भूपेंद्र चौहान तथा गोविंद तिवारी सहित चिकित्सकीय टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। उद्घाटन के साथ ही मदमहेश्वर घाटी में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

