सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का मिला लाभ,
जखोली/रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज कैलाश बंगार में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही राज्य में रेल, सड़क, रोपवे, उड़ान योजना तथा अन्य प्रमुख आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।
पशुपालन विभाग ने पशुपालन एवं टीकाकरण योजनाओं, उद्यान विभाग ने बागवानी एवं फलोत्पादन कार्यक्रमों, मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन प्रोत्साहन योजनाओं तथा डेयरी विकास विभाग ने दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा समाज कल्याण, सेवायोजन, कृषि, पूर्ति, स्वास्थ्य, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं से लाभान्वित किया।
शिविर में क्षेत्रवासियों ने कुल 70 समस्याएं एवं मांगपत्र प्रस्तुत किए। इनमें पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व, मुआवजा, पेंशन, राशन कार्ड, कृषि सहित अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रहीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे आमजन तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के तहत ऐसे बहुउद्देशीय शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान खलियाण लक्ष्मी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य खलियाण ललिता देवी, ग्राम प्रधान सन अनिल रावत, ग्राम प्रधान गैठाणा महिपाल मिंगवाल, ग्राम प्रधान बधाणी चंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी जखोली, सीडीपीओ जखोली गोल्डी सिंह, कृषि सहायक सज्जन सिंह, कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान पंकज थपलियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

