मुनकटिया स्लाइड जोन में फंसी महिला मरीज को एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला, स्ट्रेचर से पार कर दूसरी एंबुलेंस तक पहुंचाया,,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया स्लाइड जोन में मार्ग अवरुद्ध होने के कारण एंबुलेंस में फंसी एक महिला मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के लिए एसडीआरएफ ने देर रात त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया।

एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मुनकटिया स्लाइड जोन में सड़क बंद होने के कारण एक एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ पा रही है और उसमें मौजूद महिला मरीज को दूसरी ओर खड़ी 108 एंबुलेंस तक सुरक्षित पहुंचाना आवश्यक है।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग के प्रभारी उपनिरीक्षक (एसआई) आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम रात 9:55 बजे तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने महिला मरीज को स्ट्रेचर पर सुरक्षित रखते हुए अत्यंत सावधानी के साथ मुनकटिया स्लाइड जोन पार कराया और दूसरी ओर खड़ी 108 एंबुलेंस तक पहुंचाया।

इसके बाद महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग भेजा गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से महिला मरीज को समय रहते सुरक्षित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकी। इस रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों एवं यात्रियों ने सराहना की।