रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में जुलाई माह का दूसरा तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू हो गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से आयोजित इस शिविर के पहले दिन 54 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में आयोजित शिविर में बाल रोग के 11, अस्थि रोग के 9, सर्जरी के 6 तथा मेडिसिन विभाग के 28 मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 36 मरीजों के एक्स-रे और 35 मरीजों की लैब जांच भी की गई। शिविर के दौरान 7 आयुष्मान कार्ड तथा 17 आभा (ABHA) आईडी भी बनाई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि 21 जुलाई तक चलने वाले इस विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के डॉ. अशोक कुमार शर्मा, डॉ. कमल कांत, डॉ. गीतांशु कपूर और डॉ. सुखजीत अरोड़ा सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।

