घनसाली। टिहरी जनपद की भिलंगना घाटी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब लगातार खराब मौसम के चलते विजेता का फैसला मैदान पर खेल से नहीं बल्कि पांच बार कराए गए टॉस से हुआ। रोमांचक 'टॉस मुकाबले' में गोल्डन स्टार सौड़ ने धारमण्डली (घुत्तू) को 3-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
स्वर्गीय योगेश नौटियाल की पुण्य स्मृति में गोल्डन स्टार क्रिकेट क्लब, सौड़ भिलंग द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गोल्डन स्टार सौड़ और धारमण्डली के बीच खेला जा रहा था। पहले दिन बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका और केवल एक पारी का खेल ही संभव हो पाया। दूसरे दिन भी मौसम ने साथ नहीं दिया, जिससे खेल शुरू ही नहीं हो सका।
ऐसे में दोनों टीमों के कप्तानों, अंपायरों और आयोजन समिति ने खेल भावना का परिचय देते हुए टॉस के माध्यम से विजेता तय करने का निर्णय लिया। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 'बेस्ट ऑफ फाइव' नियम के तहत पांच बार टॉस कराया गया। इसमें गोल्डन स्टार सौड़ ने 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। उपविजेता धारमण्डली टीम ने भी इस निर्णय को खेल भावना के साथ स्वीकार किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि युवा नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने कहा कि युवा समाज और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में पहाड़ों से पलायन बढ़ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर युवाओं को अपने गांवों में ही अवसर तलाशने होंगे।
उन्होंने सफल आयोजन के लिए गोल्डन स्टार क्रिकेट क्लब, क्षेत्रवासियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
इस अवसर पर संरक्षक एवं मार्गदर्शक राधाकृष्ण नौटियाल, लोकेन्द्र नौटियाल, प्रकाश सिंह पंवार, देवेश नौटियाल, क्लब अध्यक्ष जगदीश नौटियाल, सचिव सुखदेव भट्ट, कोषाध्यक्ष सतीश नौटियाल, आशीष नौटियाल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

