रुद्रप्रयाग। जनपद के सोनप्रयाग क्षेत्र में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी किनारे फंसे एक व्यक्ति का सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। SDRF की मुस्तैदी से एक संभावित हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली सोनप्रयाग के माध्यम से SDRF को सूचना मिली कि सटल पुल के समीप एक व्यक्ति नदी किनारे पत्थरों के बीच फंसा हुआ है और स्वयं बाहर निकल पाने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF जवानों ने स्थिति का आकलन किया तथा सूझबूझ और दक्षता का परिचय देते हुए वैकल्पिक मार्ग से रेस्क्यू अभियान संचालित किया। टीम ने सुरक्षित तरीके से फंसे व्यक्ति तक पहुंचकर उसे बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान बचन सिंह (56 वर्ष) पुत्र गोविंद सिंह, निवासी मटधार, घनसाली, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद SDRF टीम ने उन्हें अपने सरकारी वाहन से सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने SDRF की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। SDRF ने लोगों से नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

