उत्तराखंड ग्रामीण बैंक मनसूना शाखा ने लाभार्थियों को सौंपे दावा राशि के चेक, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने का किया आह्वान,
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) एक बार फिर जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल साबित हुई है। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की मनसूना शाखा ने योजना के तहत दो लाभार्थी परिवारों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए। समय पर मिली इस आर्थिक सहायता से दोनों परिवारों को कठिन परिस्थितियों में बड़ा सहारा मिला है।
मनसूना शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राऊंलैक निवासी श्रीमती शशि देवी तथा गैड़ निवासी नागेंद्र सिंह को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत दो-दो लाख रुपये की दावा राशि के चेक सौंपे गए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि केंद्र सरकार की यह सामाजिक सुरक्षा योजना संकट की घड़ी में परिवारों के लिए आर्थिक संबल बनकर उभर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक रविन्द्र सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना अत्यंत उपयोगी, किफायती और जनकल्याणकारी योजना है। उन्होंने बताया कि मात्र 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर मिलने वाली इस योजना के अंतर्गत बीमाधारक की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों से इस योजना से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अवश्य लेना चाहिए, ताकि विपरीत परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
श्री राणा ने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। बैंक समय-समय पर वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बीमा, पेंशन, बचत एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत कर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना भी है।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर बीमा दावा राशि मिलने से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने अन्य लोगों से भी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने का आह्वान किया। बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को भविष्य में भी बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा नियमित बैंकिंग सेवाओं से जुड़े रहने की सलाह दी।

