Feb 03, 2026

कमलेश उनियाल के नेतृत्व में चिरबटिया-मयाली-गुप्तकाशी मार्ग को चार धाम सर्किट से जोड़ने की मांग को मिल गई।

post-img

रूद्रप्रयाग।

क्षेत्रीय विकास, सुरक्षित चार धाम यात्रा व्यवस्था तथा स्थानीय लोगों की आजीविका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चिरबटिया–मयाली–गुप्तकाशी मोटर मार्ग को चार धाम सर्किट से जोड़ने की मांग अब शासन और प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंच चुकी है। इस दिशा में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के बाद यह विषय गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। यह जनहितकारी पहल भाजपा नेता कमलेश उनियाल के नेतृत्व, निरंतर प्रयासों और जनसंवाद का परिणाम मानी जा रही है।

कमलेश उनियाल के नेतृत्व में आयोजित हस्ताक्षर अभियान में चिरबटिया, मयाली, तैला, बड़मा, जखोली, कुड़ी–अदूली, बसुकेदार और गुप्तकाशी क्षेत्रों के कुल 7785 नागरिकों ने समर्थन स्वरूप हस्ताक्षर किए। कमलेश उनियाल ने कहा कि चिरबटिया–मयाली–गुप्तकाशी मोटर मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि केदारनाथ धाम के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक यात्रा मार्ग है, जिसने वर्ष 2013 की आपदा के दौरान सेना, प्रशासन और राहत एजेंसियों के लिए जीवनरेखा की भूमिका निभाई थी।

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार से हुई वार्ता के उपरांत कमलेश उनियाल ने उत्तराखंड सचिवालय में गढ़वाल आयुक्त दयाशंकर पांडे से भेंट कर इस मार्ग के रणनीतिक महत्व, सुरक्षित चार धाम यात्रा संचालन, आपदा प्रबंधन तथा स्थानीय रोजगार से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। जनभावनाओं और तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए गढ़वाल आयुक्त ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को निर्देश दिए कि गुप्तकाशी–मयाली–चिरबटिया मार्ग के माध्यम से चार धाम यात्रा संचालन, यातायात व्यवस्था तथा जनपद में रोजगार पर पड़ने वाले प्रभावों को सम्मिलित करते हुए एक विस्तृत एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में शासन को प्रस्तुत की जाए।

इस अवसर पर कमलेश उनियाल ने कहा कि प्रशासन का यह निर्णय दर्शाता है कि शासन क्षेत्रीय जनता की आवाज को गंभीरता से सुन रहा है। इस मार्ग को चार धाम सर्किट से जोड़ने पर वर्तमान यात्रा मार्गों पर दबाव कम होगा, श्रद्धालुओं को सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग मिलेगा तथा आपात स्थितियों में प्रशासन के पास एक मजबूत विकल्प उपलब्ध रहेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मार्ग के संचालन से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। होमस्टे योजना को बढ़ावा मिलेगा, होटल-ढाबा संचालक, टैक्सी एवं वाहन चालक, मैकेनिक, पंचर-हवा सेवा, चाय विक्रेता और छोटे दुकानदारों की आजीविका मजबूत होगी। यह मांग केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अंत में कमलेश उनियाल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने शासन से मांग की कि जनहित, सुरक्षित चार धाम यात्रा और स्थानीय रोजगार को ध्यान में रखते हुए गुप्तकाशी–मयाली–चिरबटिया मोटर मार्ग को शीघ्र चार धाम सर्किट में सम्मिलित किया जाए।