Feb 03, 2026

गुरु राम राय पब्लिक स्कूल तिलणी में पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को सिखाए सुरक्षा, साइबर सतर्कता और सड़क नियमों के गुर

post-img

रूद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कांडें के निर्देशन में पुलिस की ओर से शिक्षण संस्थानों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की कड़ी में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, तिलणी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग बनाना रहा।

जागरूकता कार्यक्रम प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सुरेश चन्द्र बलूनी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों, साइबर फ्रॉड, नशे के दुष्प्रभावों तथा सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं को महिला सम्बन्धी अपराधों जैसे गुड टच-बैड टच, छेड़छाड़ एवं घरेलू हिंसा के प्रति जागरूक किया तथा ऐसी घटनाओं के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आपातकालीन नंबर 112 एवं महिला हेल्पलाइन 1090 के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर विशेष चर्चा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक से बचाव तथा निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। इसके साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता से भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। पुलिस टीम ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने की शपथ दिलाई और बताया कि नशा किस प्रकार स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। इसके अतिरिक्त, वर्तमान में चल रहे सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और सड़क पार करते समय आवश्यक सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र बलूनी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि वे जागरूक होंगे, तो समाज स्वतः सुरक्षित बनेगा। पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, कोतवाली रुद्रप्रयाग का पुलिस बल तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।