Feb 03, 2026

देवभूमि की शान बनी रुद्रप्रयाग की बेटी नेहा बिष्ट, कर्तव्य पथ पर संभाली उत्तराखंड की कमान

post-img

रुद्रप्रयाग। देवभूमि उत्तराखंड की बेटियों ने हर युग में साहस, शौर्य और नेतृत्व की अद्भुत मिसालें कायम की हैं। इतिहास के पन्नों में जहां गढ़वाल की वीर रानी कर्णावती ने विदेशी आक्रांताओं को पराजित कर स्वाभिमान की रक्षा की, वहीं रणभूमि में वीरांगना तीलू रौतेली ने दुश्मनों के दांत खट्टे किए। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में गौरा देवी ने चिपको आंदोलन के माध्यम से पूरी दुनिया को प्रकृति बचाने का संदेश दिया। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज की बेटियां भी नए इतिहास रच रही हैं।

 

इसी कड़ी में जनपद रुद्रप्रयाग की होनहार बेटी नेहा बिष्ट ने गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के अवसर पर राजपथ (कर्तव्य पथ), नई दिल्ली में एनसीसी गर्ल्स कंटिजेंट कमांडर के रूप में उत्तराखंड का नेतृत्व कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

नेहा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल रुद्रप्रयाग बल्कि पूरे उत्तराखंड में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है।

नेहा बिष्ट मूल रूप से अगस्त्यमुनि विकासखंड के ग्राम सांदर की निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, बेलनी (रुद्रप्रयाग) से हुई। वर्तमान में वह एसएसजीआरआर पटेल नगर, देहरादून से बीएससी नर्सिंग (फोर्थ ईयर) की पढ़ाई कर रही हैं।

वर्ष 2024 में एनसीसी ज्वाइन करने के बाद नेहा ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर रिपब्लिक डे कैंप (RDC) 2026 तक का सफर तय किया और यह गौरव हासिल किया।

नेहा के परिवार में शुरू से ही सेवा, अनुशासन और देशभक्ति का वातावरण रहा है। उनके पिता गोविंद सिंह बिष्ट, पंजाब नेशनल बैंक, ऊखीमठ में कार्यरत हैं, जबकि माता शर्मिला देवी गांव में रहकर परिवार की मजबूती हैं।

परिवार की सैन्य पृष्ठभूमि ने नेहा के सपनों को पंख दिए—उनके ताऊ दयाल सिंह बिष्ट एवं चाचा सुरेंद्र सिंह बिष्ट वर्तमान में एसएसबी में सेवारत हैं।

नेहा के मामा अनूप जगवाण ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि नेहा बचपन से ही वर्दी पहनकर देश सेवा का सपना देखती थीं, जिसे आज उन्होंने साकार कर दिखाया है। नेहा बिष्ट की इस उपलब्धि पर जनपदभर से बधाइयों और शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है।

रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, महिला आयोग उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, जिला पंचायत सदस्य सतेरा गंभीर सिंह बिष्ट, सारी जयवर्धन कांडपाल, जिला अध्यक्ष कांग्रेस कुलदीप सिंह कंडारी, जिला अध्यक्ष भाजपा विजय भूषण भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने नेहा को जनपद की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

वहीं ग्राम प्रधान विजयपाल जगवाण, महिला मंगल दल अध्यक्षा एवं ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि नेहा ने केवल गांव नहीं, पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

नेहा बिष्ट की सफलता इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की बेटियां अवसर मिलने पर किसी से कम नहीं हैं।

उनका यह नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा और बेटियों को बड़े सपने देखने व उन्हें पूरा करने का साहस देगा।

 

देवभूमि की इस बेटी को नमन—

जिसने साबित कर दिया कि पहाड़ों की बेटियों के हौसले पहाड़ से भी ऊँचे होते हैं। ??