Apr 05, 2026

ग्रीन, क्लीन और पर्यावरण अनुकूल केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन सक्रिय, गुप्तकाशी में वृहद स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता पर जोर,

post-img

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को ग्रीन, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव मिल सके।

इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में नगर पंचायत गुप्तकाशी के मुख्य बाजार क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजार क्षेत्र में व्यापक सफाई करते हुए एकत्रित ठोस अपशिष्ट का विधिवत निस्तारण भी किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष संपूर्ण यात्रा मार्ग पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा को पूर्णतः पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर लगातार स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। गुप्तकाशी अभियान के दौरान स्थानीय जनता एवं व्यापार मंडल को भी जागरूक किया गया कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकांश स्थानों पर साफ-सुथरा पाया गया, हालांकि बाजार क्षेत्र की कुछ नालियों में गंदगी मिलने पर उसे तत्काल साफ कराया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की स्वच्छता बनी रहे और यात्रियों के बीच सकारात्मक संदेश जाए।

जिला प्रशासन यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि यात्रा मार्ग के प्रत्येक पड़ाव पर स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि केदारनाथ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बने, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी आदर्श प्रस्तुत करे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष विशेश्वरी देवी, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, तहसीलदार रमेश सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।