Apr 05, 2026

मदमहेश्वर घाटी में शिक्षा का नया अध्याय, नवनिर्मित विद्यालय भवन का भव्य लोकार्पण, विवेकानन्द पब्लिक जूनियर हाईस्कूल ज्ञान कुंज राऊलैंक को मिली सौगात,

post-img

 

रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी 

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग।  मदमहेश्वर घाटी के राऊलैंक क्षेत्र स्थित विवेकानन्द पब्लिक जूनियर हाईस्कूल ज्ञान कुंज में नवनिर्मित विद्यालय भवन का भव्य लोकार्पण समारोह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं, अभिभावकों व ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

विद्यालय के नवनिर्मित भवन का निर्माण मातुश्री काशीबा गोटी चेरिटेबल ट्रस्ट, सूरत (गुजरात) के सहयोग से किया गया है। लोकार्पण समारोह में ट्रस्ट से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ ही सूरत के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भवन का उद्घाटन किया और शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल को मील का पत्थर बताया। समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा लोकनृत्य, गीत, नाटक व देशभक्ति प्रस्तुतियों की मनमोहक झलक पेश की गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने न केवल स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को भी उजागर किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के मुख्य सहयोगी जयंतीभाई वी नारोला ने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। स्वामी नारायण आश्रम ऋषिकेश अध्यक्ष सुनील भगत ने कहा कि ट्रस्ट के माध्यम से विभिन्न राज्यों में सरस्वती धामों का निर्माण कर नौनिहालों को बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के प्रतिनिधि रमेश नौटियाल, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, साहित्यकार जीवन्ती खोयाल, पूर्व कुलपति डॉ संजय डुंगराणी, छगनभाई आर सिमेडिया, राजेश कुमार धामेलिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। रोहित भाई विट्ठल भाई सांवलिया और धीरूभाई मुलजीभाई गोटी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा 351 सरस्वती धामों को बनाने का लक्ष्य रखा गया है तथा आज 256वें सरस्वती धाम का विधिवत उद्घाटन हो गया है। विद्यालय के प्रबन्धक राकेश नेगी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। लोकार्पण समारोह ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई उम्मीद और उत्साह का संचार किया है, जिससे मदमहेश्वर घाटी में विकास की दिशा को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मौके पर प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, प्रधान नीमा देवी, सरिता नेगी, बिशाम्बरी देवी, मिथिला देवी, राजेन्द्र पंवार, प्रमिला देवी, क्षेपस रेशमा भट्ट, डॉ जैक्सवीन इन्टर कालेज गुप्तकाशी प्रधानाचार्य लखपत राणा, पूर्व प्रधान सरिता देवी, शिवानन्द नौटियाल, राजकुमारी राणा, वन पंचायत सरपंच दलीप रावत , प्रकाश पंवार, जगत सिंह पंवार, प्रधानाचार्य माहेश्वरी प्रसाद त्रिवेदी, दीवान सिंह नेगी, अर्चना बहुगुणा, राम सिंह रावत, विद्यालय संरक्षक नारायण सिंह नेगी, मकर सिंह नेगी, महिला मंगल दल अध्यक्ष गीता देवी, मंजू देवी, कोकिला देवी, आनन्द सिंह नेगी सावन सिंह नेगी सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि, ट्रस्ट के पदाधिकारी, अभिभावक, ग्रामीण व नौनिहाल मौजूद रहे।