तोडीडाली–पठाली–काकडागाड मोटर मार्ग निर्माण अधर में, मुआवजा न मिलने पर ग्रामीणों का लोनिवि कार्यालय घेराव

Blog
 Image

विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी; अधिशासी अभियंता के लिखित आश्वासन पर फिलहाल स्थगित हुआ आंदोलन,

रिपोर्ट: लक्ष्मण सिंह नेगी 

 

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। तहसील क्षेत्र के तोडीडाली–पठाली–काकडागाड मोटर मार्ग का निर्माण वर्षों से अधूरा पड़े होने तथा प्रभावित काश्तकारों को भूमि का मुआवजा नहीं मिलने से ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र सड़क निर्माण पूरा करने तथा लंबित मुआवजा देने की मांग की।

 

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना था कि मोटर मार्ग का निर्माण लंबे समय से अधर में लटका हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के लिए जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई, उन्हें आज तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। कई बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।

 

प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही मोटर मार्ग का शेष निर्माण कार्य शुरू कर पूरा नहीं किया गया तथा प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा नहीं दिया गया, तो क्षेत्रवासी आगामी विधानसभा चुनाव का सामूहिक बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हो रहा है। सड़क निर्माण में हो रही देरी के कारण क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आज भी कठिन बनी हुई है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

 

इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश प्रसाद नैथानी ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग के निर्माण पर मजिस्ट्रेट स्तर से रोक लगी हुई है। उन्होंने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि शेष निर्माण कार्य के लिए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में पुनः सर्वेक्षण कराया जाएगा तथा निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।

 

अधिशासी अभियंता के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विभाग ने अपने आश्वासन पर अमल नहीं किया, तो भविष्य में इससे भी व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

 

प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख नर्मदा देवी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, प्रधान मनवर सिंह नेगी, मिथिला देवी, प्रतिपाल बजवाल, वीरबल राणा, सुलेखा देवी, विशाम्बरी देवी, महेन्द्र सेमवाल, विजयलक्ष्मी तिवारी, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, सरला रावत, महावीर नेगी, कैलाश पुष्वाण, कीरत राणा, सुभाष त्रिवेदी, सरिता देवी, हेमा देवी, रजनी देवी, मंजू देवी सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, काश्तकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।