कविल्ठा में एक ही छत के नीचे मिलीं सरकारी सेवाएं, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी,
रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत कविल्ठा में आयोजित 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल तथा सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान कुल 36 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों ने मौके पर ही समाधान कर दिया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना एवं सेवा स्टॉलों पर ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों से अवगत कराया गया। कई योजनाओं के लिए मौके पर ही आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार शासन की सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। ऐसे शिविर सरकार और जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अन्य पात्र लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाए तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, ग्राम्य विकास, आजीविका, बैंकिंग, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने विभागीय स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाया और अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, जिला पंचायत सदस्य अमित मेखंडी, ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह रावत, प्रधान संगठन अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, ग्राम प्रधान अनिल शाह, तहसीलदार निशांत कांबोज, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसोला, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह पाल, जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, कार्यक्रम संचालक किशन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

