मद्महेश्वर और तुंगनाथ घाटी के चार गांवों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों को ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने सराहा,
रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। सेवा इंटरनेशनल के तत्वावधान में मद्महेश्वर घाटी के राऊलैंक व मनसूना तथा तुंगनाथ घाटी के मक्कू और परकण्डी गांवों में 'सेवा आरोग्यम' निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। चारों शिविरों में कुल 152 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न मौसमी एवं सामान्य बीमारियों की जांच की। साथ ही संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के प्रति लोगों को जागरूक किया। चिकित्सकों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है और ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।
प्रधान संगठन के ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं। ऐसे में सेवा इंटरनेशनल द्वारा गांव-गांव पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण किए जाने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने इन शिविरों का लाभ उठाया।
राऊलैंक के पूर्व प्रधान कमलेन्द्र नेगी ने सेवा इंटरनेशनल के इस जनकल्याणकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर सराहनीय कार्य कर रही है। इससे ग्रामीणों को समय पर उपचार और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी मिल रही है, जो गंभीर बीमारियों की रोकथाम में भी सहायक है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, ग्राम प्रधान सरिता नेगी तथा व्यापार संघ अध्यक्ष अवतार राणा ने सेवा इंटरनेशनल की टीम, चिकित्सकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय समुदाय के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
सेवा इंटरनेशनल की डॉ. दिव्या ने बताया कि संस्था का उद्देश्य दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न गांवों में 'सेवा आरोग्यम' शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों का लाभ मिल सके। उन्होंने भविष्य में भी इस अभियान को निरंतर जारी रखने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर राहुल रावत, रिंकी पंवार, सुरेन्द्र बिष्ट, यशवंत नेगी, मंजू, पूनम मंजू सहित सेवा इंटरनेशनल के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

