ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था परखी, राजनीतिक दलों से भी लिया फीडबैक

Blog
 Image

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने किया त्रैमासिक निरीक्षण, एसआईआर की प्रगति पर दलों के प्रतिनिधियों के साथ की चर्चा,

 

रुद्रप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की बाहरी एवं आंतरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने तथा आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा चौबीसों घंटे प्रभावी बनाए रखने तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वेयरहाउस से संबंधित आवश्यक अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने सभी अभिलेखों के नियमित संधारण एवं समय-समय पर अद्यतन किए जाने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, नोटिस की सुनवाई तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन को लेकर विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की।

 

इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन चंद्र जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी, बसपा के विक्रम लाल शाह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के हरीश गुसाईं सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।