एसआईआर की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से जारी : जिलाधिकारी,

Blog
 Image

45,734 नोटिसों की सुनवाई पूरी, जांच में 101 मतदाता अपात्र पाए गए, 11 सितंबर तक दावे-आपत्तियां, 15 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन,

रुद्रप्रयाग। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के अंतर्गत जारी किए गए कुल 45,734 नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। जांच एवं सत्यापन के दौरान 101 मतदाता अपात्र पाए गए हैं, जबकि 45,633 नामों को अंतिम प्रकाशन के लिए सम्मिलित किया गया है। दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया 11 सितंबर तक जारी रहेगी और 15 सितंबर, 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 07-केदारनाथ एवं 08-रुद्रप्रयाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के तहत चल रही है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर एसआईआर के अंतर्गत कुल 45,734 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें 42,461 नोटिस विसंगतियों से संबंधित तथा 3,273 नोटिस ऐसे मामलों से संबंधित थे, जिनमें पूर्व निर्वाचक नामावली से मानचित्रण नहीं हो पाया था। सभी नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं तथा उनके सापेक्ष सुनवाई की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है।

 

उन्होंने बताया कि जांच एवं सत्यापन के बाद 101 मतदाता विभिन्न कारणों, जिनमें स्थानांतरण एवं मृत्यु आदि के मामले शामिल हैं, के कारण अपात्र पाए गए। शेष 45,633 नामों को अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के लिए सम्मिलित किया गया है। विधानसभा क्षेत्रवार बात करें तो केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में नोटिसों की सुनवाई 27 अगस्त तथा रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 29 अगस्त, 2026 को पूर्ण कर ली गई है।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया चल रही है, जिसकी अंतिम तिथि 11 सितंबर, 2026 निर्धारित है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 364 मतदेय स्थल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की ओर से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए हैं।

 

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समय-समय पर बैठकें आयोजित कर एसआईआर की प्रगति की जानकारी साझा की गई। संबंधित आंकड़े एवं सूचियां भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करने का प्रयास किया गया, ताकि उनके सुझाव, आपत्तियां एवं शिकायतें समयबद्ध रूप से प्राप्त कर उनका नियमानुसार निस्तारण किया जा सके। राजनीतिक दलों की ओर से प्राप्त सभी सुझावों, चिंताओं एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन की टीम, संबंधित विभागों, बीएलओ एवं अन्य कार्मिकों द्वारा नियमानुसार उनका समाधान किया गया।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के तहत कुल 3,161 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1,483 आवेदन निर्वाचक नामावली में अद्यतन किए जा चुके हैं, जबकि 885 आवेदन स्वीकार किए गए हैं। वहीं 321 आवेदन निरस्त किए गए हैं। शेष आवेदनों पर बीएलओ स्तर पर जांच एवं सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं एवं अद्यतन जानकारी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही है। अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन से संबंधित जानकारी भी नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने में सहयोग देने वाले सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, बूथ लेवल अधिकारियों, संबंधित विभागों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।