रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कुशल निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिला न्यायाधीश रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव श्रीमती पायल सिंह ने की।
बैठक में पैनल अधिवक्ताओं एवं लीगल एड डिफेंस काउंसल के साथ विधिक सहायता योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों तक निःशुल्क विधिक सेवाएं पहुंचाने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सचिव पायल सिंह ने अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि वे महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, श्रमिकों एवं आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें न्याय प्राप्ति हेतु आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।
बैठक में आगामी विधिक जागरूकता शिविरों, विशेष अभियानों एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिवक्ताओं ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए विधिक सेवा गतिविधियों को जनहित में और अधिक प्रभावी बनाने का आश्वासन दिया।

