65 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, 15 के रक्त नमूने लिए

Blog
 Image

रूद्रप्रयाग। जखोली विकासखंड के भरदार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांसी में एक साथ कई ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में 65 ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। वहीं, 15 ग्रामीणों के रक्त के नमूने जांच के लिए लिए गए तथा गंभीर लक्षण पाए जाने पर दो ग्रामीणों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

 

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली डा. खुशपाल शाह ने बताया कि ग्राम प्रधान देवेंद्र धनाई द्वारा ग्राम बांसी में कई ग्रामीणों के एक साथ बुखार की चपेट में आने की सूचना दी गई थी। सूचना प्राप्त होते ही गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल मेडिकल टीम को क्षेत्र के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि पीएचसी सौंराखाल के चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश जखमोला, आरबीएसके टीम में तैनात डा. नितेन रावत, डा. दीपिका खंडूड़ी, फार्मेसिस्ट डा. युद्धवीर सिंह गुसाईं तथा पैथोलॉजी टीम के सदस्यों द्वारा ग्राम बांसी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। टीम ने 65 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं।

 

 डा. शाह ने बताया कि जांच के दौरान अधिकांश ग्रामीणों में जुकाम और बुखार के लक्षण पाए गए। वहीं, दो ग्रामीणों में गंभीर लक्षण पाए जाने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त 15 ग्रामीणों के रक्त के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र के चिकित्सा अधिकारी को ग्रामीणों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।