govt-ads

मां चामुंडा के जयकारों से भक्तिमय हुआ सेम गांव, अष्टधातु की मूर्ति की विधि-विधान से हुई प्राण प्रतिष्ठा

Blog
 Image

तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में उमड़ा आस्था का सैलाब, धियानियों ने भी निभाई परंपरा में भागीदारी, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ समारोह,

 

रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से सटी भरदार पट्टी के ग्राम सेम स्थित प्रसिद्ध मां चामुंडा मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान एवं अष्टधातु मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया। 16 से 18 नवंबर तक चले इस धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और पूर्णाहुति की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। तीन दिनों तक पूरा गांव मां चामुंडा की भक्ति और जयकारों से गुंजायमान रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए तथा परिवार, गांव और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

 

मां चामुंडा मंदिर में अष्टधातु से निर्मित नई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली। मंदिर के लिए अष्टधातु की मूर्ति दिल्ली से तैयार करवाकर लाई गई है। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित इस अनुष्ठान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां चामुंडा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

इस धार्मिक आयोजन की एक विशेष झलक गांव की धियानियों (विवाहित बेटियों) की बड़ी संख्या में मौजूदगी भी रही। अपनी जन्मभूमि और आराध्य देवी के प्रति अगाध श्रद्धा प्रकट करते हुए धियानियों ने भी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके आगमन से आयोजन में पारिवारिक आत्मीयता, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का भाव और अधिक मजबूत दिखाई दिया। गांव के लोगों ने सामूहिक सहभागिता के साथ इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

 

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा डिमरी ने कहा कि ग्राम सेम स्थित प्रसिद्ध मां चामुंडा मंदिर में अष्टधातु की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन समस्त ग्रामवासियों के लिए अत्यंत सौभाग्य और हर्ष का विषय है। मां चामुंडा हमारी आराध्य देवी हैं और उनके प्रति ग्रामीणों की गहरी आस्था एवं श्रद्धा जुड़ी हुई है। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में धियानियों, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता ने यह साबित किया है कि आज भी गांवों में अपनी धार्मिक मान्यताओं, संस्कृति और परंपराओं के प्रति अटूट विश्वास कायम है।

 

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण अवसर होता है। मां चामुंडा की आराधना शक्ति, साहस, धर्म और अधर्म पर सत्य की विजय का संदेश देती है। मां भगवती की कृपा से परिवारों में सुख-शांति, समाज में सद्भाव और क्षेत्र में खुशहाली बनी रहे, यही सभी की कामना है। उन्होंने कहा कि गांव में इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से लोगों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है। विशेष रूप से धियानियों की भागीदारी से अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान प्रदर्शित होता है।

 

आशा डिमरी ने आयोजन में सहयोग करने वाले समस्त ग्रामवासियों, मातृशक्ति, युवाओं, बुजुर्गों और धियानियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और मां भगवती के आशीर्वाद से ही ऐसे धार्मिक आयोजन सफल होते हैं। उन्होंने मां चामुंडा से समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

 

समारोह में कुल पुरोहित महेंद्र थपलियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा डिमरी, वरिष्ठ उक्रांद नेता अर्जुन कंडारी, सूरत सिंह, अजीत सिंह, ग्राम प्रधान विनायिका डिमरी, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, राजेंद्र डिमरी, भगवती प्रसाद, संजय डिमरी, शक्ति डिमरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य करण सिंह रावत, पूर्व सदस्य प्रेम डिमरी, दिवाकर डिमरी, अनिल डिमरी, नीलकंठ डिमरी, प्रवीण डिमरी, राकेश मैठानी, प्रवीण सेमवाल, भागवत प्रसाद, आशीष डिमरी सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।