केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने देव अतिथि के रूप में की शिरकत, देवभूमि उत्तराखंड और हिमालय की महिमा का किया गुणगान,
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचने के पावन अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। मेले के आगाज के साथ ही समूचे ऊखीमठ क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला। शुभारंभ अवसर पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने देव अतिथि के रूप में शिरकत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग ने अपने संबोधन में देवभूमि उत्तराखंड और हिमालय की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हिमालय केवल पर्वत श्रृंखलाओं का समूह नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, तपस्या और सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र है। यहां स्थित पौराणिक तीर्थस्थल और सदियों पुरानी धार्मिक परंपराएं देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। उन्होंने भगवान मदमहेश्वर से जुड़ी धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सभी का सामूहिक दायित्व बताया।
प्रधान पुजारी डॉ. केदार लिंग ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली का शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचना समूचे क्षेत्र के लिए आस्था और उल्लास का विशेष अवसर है। मदमहेश्वर मेला धार्मिक मान्यताओं, लोक संस्कृति और परंपराओं को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। वहीं पंडित घनानंद मैठाणी ने कहा कि पंचकेदार की धार्मिक परंपराएं उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं। भगवान मदमहेश्वर की महिमा और उनसे जुड़ी पौराणिक मान्यताएं सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रही हैं।
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की डोली के शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ पहुंचने से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलती है। पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट ने कहा कि मदमहेश्वर घाटी की अपनी विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। यहां आयोजित होने वाले मेले और उत्सव स्थानीय लोक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी कला और संस्कृति प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए सामूहिक प्रयास किए गए हैं।
मेले के शुभारंभ पर विभिन्न सांस्कृतिक दलों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। मेले में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से काश्तकारों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और स्वरोजगार से संबंधित जानकारियां दी जा रही हैं। भगवान मदमहेश्वर की डोली के शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ आगमन के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, गंगाधर लिंग, शिव लिंग, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, बद्री-केदार मंदिर समिति के सदस्य अंकित सेमवाल, प्रह्लाद पुष्वाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, गुरिल्ला संगठन की जिलाध्यक्ष बसंती रावत, संतोष त्रिवेदी, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवंत रावत, प्रधानाचार्य अजय फेगवाल, वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी, आशाराम सेमवाल, अंजनेश पंवार, महेश बर्त्वाल और सुधा नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, मेला समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन तेज प्रकाश त्रिवेदी और प्रताप धर्म्वाण ने किया।

