Feb 11, 2026

क्यूड़ी में गुलदार का कहर, दो दिन में दो गायें मौत के घाट रिहायशी इलाके में घुसकर गौशाला में हमला,  वन विभाग की सुस्ती से ग्रामीणों में उबाल

post-img


रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि की दूरस्थ ग्राम पंचायत क्यूड़ी दशज्युला में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दो दिनों में गुलदार ने गांव के रिहायशी क्षेत्र में घुसकर दो गायों को मार डाला, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। ताजा घटना बीती रात की है, जब गुलदार ने गौशाला में बंधी गाय को अपना निवाला बना लिया, जबकि परसों भी इसी क्षेत्र में एक गाय को मार दिया गया था।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में पशुपालन ही ग्रामीणों की आजीविका का मुख्य आधार है, ऐसे में गुलदार के हमलों से उनकी आर्थिक रीढ़ टूटती नजर आ रही है।
घटनाओं के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद विभाग केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित है। न तो नियमित गश्त बढ़ाई जा रही है और न ही गुलदार को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीण नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि लगातार हो रहे हमलों के बावजूद विभाग गंभीर नहीं है, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। महावीर सिंह रावत का कहना है कि पशुपालन ही उनकी रोजी-रोटी है और लगातार पशु मारे जाने से परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। वहीं देवेंद्र सिंह नेगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द गुलदार को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा, गांव व आसपास के जंगलों में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए शीघ्र पिंजरा लगाने की मांग की है। लगातार बढ़ते गुलदार के आतंक ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया है और अब प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की परीक्षा की घड़ी आ गई है।