राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में रुद्रप्रयाग में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला दहन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। दिल्ली में छात्रों के समर्थन में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में बुधवार को रुद्रप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग उठाई।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के समर्थन में हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित अभद्र व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की गई और विपक्ष की आवाज को इसी प्रकार दबाने का प्रयास जारी रहा, तो कांग्रेस प्रदेशभर में अपने आंदोलन को और व्यापक करेगी।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप कंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल, प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र बिष्ट, लक्ष्मण सिंह रावत, सुमित रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।