दुर्गाधार में भाजपा की बूथ सशक्तीकरण बैठक, कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती का मंत्र

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी के चोपता मंडल की बूथ सशक्तीकरण बैठक दुर्गाधार स्थित गेस्ट हाउस में मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने का आह्वान किया।

 

बैठक की मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने चोपता मंडल के 29 बूथों और आठ शक्ति केंद्रों की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि बूथ तभी मजबूत होगा, जब मंडल के सभी कार्यकर्ता और बूथ समिति के सदस्य आपसी समन्वय के साथ एकजुट होकर कार्य करेंगे। उन्होंने बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी, बीएलए-2, बूथ समिति सदस्यों और कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

विधायक ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से सुना जाए। उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर कार्ययोजना के संबंध में भी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।

कार्यक्रम के संयोजक एवं सतेराखाल वार्ड से जिला पंचायत सदस्य गंभीर सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन में अपनी भूमिका के अनुरूप जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने वाला संगठन है।

 

सारी वार्ड से जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन कांडपाल ने कहा कि बूथ की मजबूती ही संगठन की मजबूती है और भाजपा की मूल शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद और समन्वय को आवश्यक बताते हुए संगठन के अनुशासन के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र परिवारों और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

 

इस अवसर पर मंदाकिनी विकासखंड अगस्त्यमुनि की प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, भाजपा जिला मंत्री मगन नेगी, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष हर्ष लाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष त्रिलोचन भट्ट, तल्लानागपुर विकास संघर्ष समिति चोपता के अध्यक्ष अमित प्रदाली, मंडल महामंत्री दीपक नेगी, मंडल मीडिया प्रभारी मानेंद्र कुमार, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष राखी गुसाईं, ग्राम बोरा की प्रधान प्रियंका देवी, ग्राम पंचायत मयकोटी के प्रधान देवेंद्र भट्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष सचेंद्र रावत, बुद्धिबल्लभ थपलियाल, चंडी प्रसाद सेमवाल, मंडल सोशल मीडिया प्रभारी शंकर नेगी सहित बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।