Mar 23, 2026

केदारघाटी में गुलदार का आतंक, शेरसी में दो गायों को बनाया शिकार,

post-img

रुद्रप्रयाग। केदारघाटी क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात शेरसी गांव में गुलदार ने गोशाला में बंधी दो गायों को मार डाला, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शेरसी गांव के कुलैथा तोक निवासी रामप्रसाद सेमवाल की गौशाला में देर रात गुलदार घुस आया और वहां बंधी दो गायों को अपना शिकार बना लिया। सोमवार सुबह जब रामप्रसाद गोशाला पहुंचे, तो दोनों गायों को मृत अवस्था में देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को त्रियुगीनारायण क्षेत्र में भी गुलदार के हमले की घटना सामने आई थी। लगातार दो घटनाओं के बाद केदारघाटी के ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग अपने पशुधन व परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

ग्राम सरपंच मोहन नौटियाल ने कहा कि क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं गुप्तकाशी के वन क्षेत्राधिकारी शंकर सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और गुलदार को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

केदारघाटी में बीते कुछ दिनों में गुलदार के हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इससे न केवल पशुधन को नुकसान हो रहा है, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से ठोस और त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस आतंक पर जल्द काबू पाया जा सके।