रुद्रप्रयाग। जनपद में संचालित केदारनाथ धाम यात्रा के सुचारु संचालन को लेकर पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक यातायात व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा यातायात निरीक्षक सहित संबंधित कोतवाली व चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि जनपद में चल रही केदारनाथ यात्रा को लगभग दो सप्ताह का समय होने के साथ यात्रियों की संख्या 3 लाख के आंकड़े को पार करने की ओर है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एसपी ने जनपद मुख्यालय से लेकर गुप्तकाशी, फाटा और सोनप्रयाग तक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यातायात संचालन में आ रही बाधाओं को दूर करने, मार्ग अवरुद्ध करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा यातायात को निरंतर सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही पार्किंग स्थलों के समुचित उपयोग और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच संतुलित यातायात व्यवस्था बनाए रखने, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने तथा यात्रियों के साथ मित्रवत व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा वर्तमान में दोपहर बाद हो रही बारिश और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

