ग्राउंड जीरो पर उतरे एसडीएम अनिल रावत, केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Blog
 Image

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने शनिवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर विभिन्न यात्रा पड़ावों का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिल रावत ने सोनप्रयाग में पार्किंग व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्किंग स्थलों पर आने वाले वाहनों को क्रमबद्ध तरीके से खड़ा कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने और पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने गौरीकुंड स्थित तप्त कुंड का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं के उपयोग में आने वाले सभी स्थलों पर स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी संचालकों से भी बातचीत की। उन्होंने संचालकों को यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सेवाएं मिल सकें।

एसडीएम अनिल रावत ने कहा कि केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।