सेवा संकल्प सप्ताह के तहत जीआईसी बरसूड़ी में आयोजित हुआ शिविर,
छह लोगों के बलगम के नमूने जांच के लिए लिए गए, किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, पोषण और एचपीवी टीकाकरण के प्रति किया जागरूक,
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) बरसूड़ी में आयोजित बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर में 110 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 68 ग्रामीणों की टीबी संबंधी एक्स-रे जांच की गई, जबकि छह लोगों के बलगम के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में आयोजित शिविर का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच होने से बीमारियों की पहचान और उनका उपचार समय रहते संभव हो सकता है। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गांवों में आयोजित किए जा रहे टीबी एक्स-रे जांच शिविरों में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की।
शिविर में 34 ग्रामीणों की उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच भी की गई। वहीं, काउंसलर ने किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्हें एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर के दौरान एक बालिका को एचपीवी का टीका लगाया गया।
शिविर में डॉ. प्रियांशी, फार्मेसिस्ट गोपाल सिंह रौतेला, एएनएम अंजना चमोली, परिवार नियोजन काउंसलर रेखा जोशी, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सुमन रावत, एक्स-रे तकनीशियन रजत थपलियाल और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अभिषेक सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

