केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्वच्छता की मिसाल, पर्यावरण मित्रों का चौबीस घंटे अभियान!!
घोड़े-खच्चरों की लीद से लेकर प्लास्टिक कचरे तक, हर मोर्चे पर सक्रिय सुलभ की टीम!!
249 आधुनिक निःशुल्क शौचालय बने यात्रियों की राहत, यात्रा मार्ग पर गंदगी पर लगाम!!
रुद्रप्रयाग।विश्व प्रसिद्ध बाबा केदार की यात्रा में इस वर्ष जहां आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर यात्रा मार्ग को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के लिए सुलभ इंटरनेशनल ने विशाल स्तर पर “स्वच्छ यात्रा अभियान” छेड़ दिया है। सीतापुर से लेकर केदारनाथ धाम तक 412 पर्यावरण मित्र चौबीसों घंटे मोर्चा संभाले हुए हैं और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बीच सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।
हजारों श्रद्धालुओं और लगातार बढ़ते यात्रा दबाव के बीच ये पर्यावरण मित्र यात्रा मार्ग पर फैले कूड़े-कचरे, प्लास्टिक अपशिष्ट और घोड़े-खच्चरों की लीद के निस्तारण का चुनौतीपूर्ण कार्य कर रहे हैं। बारिश, ऊंचाई और भीड़भाड़ जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफाई कर्मी पूरी तत्परता के साथ यात्रा मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने में जुटे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
यात्रा मार्ग पर होटल, लॉज, ढाबों और दुकानों से निकलने वाले अपशिष्ट को भी व्यवस्थित ढंग से एकत्र कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। खास तौर पर घोड़े-खच्चरों से निकलने वाले जैविक अपशिष्ट को पर्यावरण मित्र विशेष कट्टों में भरकर चिन्हित डंपिंग प्वाइंट तक पहुंचा रहे हैं। यात्रा का दबाव कम होने के बाद इस जैविक कचरे को सोनप्रयाग स्थित प्लांट तक ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाएगा।
इसके अलावा प्लास्टिक और पॉलीथीन जैसे गैर-जैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर कॉम्पैक्टर मशीनों के माध्यम से बेलिंग की जा रही है, ताकि उसे रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जा सके। सुलभ इंटरनेशनल की इस पहल को केदारघाटी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी और प्रभावी मुहिम माना जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काकड़ा से लेकर केदारनाथ धाम तक 249 आधुनिक स्टील फ्रेम युक्त निःशुल्क शौचालय भी स्थापित किए गए हैं। इन शौचालयों के संचालन से यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है और खुले में गंदगी फैलने पर प्रभावी रोक लगी है। यात्रा मार्ग पर स्वच्छता और स्वास्थ्य मानकों को बनाए रखने में ये व्यवस्थाएं बेहद अहम साबित हो रही हैं।
सुलभ इंटरनेशनल के सहायक नियंत्रक एवं यात्रा प्रभारी धनंजय पाठक ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि केदारनाथ यात्रा को देश की सबसे स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी यात्रा के रूप में स्थापित करना भी है। उन्होंने कहा कि सुलभ की टीमें लगातार निगरानी करते हुए यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं, ताकि बाबा केदार की यात्रा स्वच्छता, सेवा और श्रद्धा का आदर्श बन सके।

