केदारघाटी के अभिनेता जस पंवार ‘जस्सी’ ने थामा भाजपा का दामन, देहरादून में की औपचारिक सदस्यता

Blog
 Image

गुप्तकाशी/रूद्रप्रयाग।

केदारघाटी से आने वाले उत्तराखंड की फिल्म और मीडिया इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता एवं एंटरटेनमेंट एंटरप्रेन्योर जस पंवार (जस्सी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के समक्ष औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन की।

गढ़वाली और कुमाऊनी फिल्म व संगीत जगत में करीब 20 वर्षों से सक्रिय जस पंवार इससे पहले कांग्रेस के संस्कृति प्रकोष्ठ में प्रदेश महासचिव के पद पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। केदारघाटी सहित पूरे उत्तराखंड में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मूल रूप से केदारघाटी के बर मवाड़ी गांव निवासी जस पंवार ने इस अवसर पर कहा कि वे प्रधानमंत्री की नीतियों और “लोकल से ग्लोबल” के विजन से प्रेरित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि केदारघाटी और उत्तराखंड की संस्कृति, युवा शक्ति और कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लाई गई फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति प्रदेश की फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा अवसर है, जिससे स्थानीय कलाकारों, निर्माताओं और युवाओं को नई दिशा मिलेगी।

जस पंवार ने यह भी कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे और प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।